आई फ़ोन फॉर एस भारत में लॉंच हो गया है और इसकी अप्रत्याशित कीमत को देखते हुए नौकरीपेशा और गैर-नौकरीपेशा लोगों ने लोन के लिए अप्लाइ करने की राह पकड़ ली है| फेकिंग न्यूज़ के विश्वस्त सूत्रों से पता चला है कि लोम्बार्ड कंपनी ने लोगों को बोम्बार्ड करने के लिए एक विध्वंसक लोन स्कीम लॉंच की है, इस लोन स्कीम के साथ आठ चार माइक्रोमैक्स फोन फ्री मिलेंगे| आई फ़ोन के बढ़ते क्रेज़ को कवर करने पहुँचे फेकिंग न्यूज़ के संवाददाता अनर्गल प्रलापी को मिली जानकारी के अनुसार लोगों को मानना है की ये फ़ोन उनकी तरफ से स्टीव जॉब्स को एक श्रधांजलि है| न्योडा और गुड़गावां में काफी लोगों ने आई फोन के लौंच होने पे ख़ुशी जताई है , बंगलुरु, चेन्नई, और पुणे में भी काफी हर्षौल्लास का माहोल है |
कुछ कामकाज़ी लोगों ने तो अपने फ्लैट छोड़ के पी जी में रहना शुरू कर दिया, ये प्रचलन बंगलुरु और हैदराबाद में ज़्यादा देखने को मिला है| जैसा की विदित है कि इन शहरों में मकान लेने से पहले ६ से लेकर १२ महीने का किराया एडवांस में देना होता है, जो कि मकान छोड़ने की स्थिति में वापिस मिलता है| लोगों ने तुरंत फुरत से मकान खाली करने शुरू कर दिए हैं, और बड़े शहरों में मकान मालिकों के लिए मानसिक परेशानी खड़ी कर दी है| पुल्ला रेड्डी एस्टेट्स के मलिक रेड्डी जी की मानें तो उनके घर में भुखमरी की नौबत आ गयी है , उनकी पूरी बिल्डिंग किराये पे चढ़ी हुई थी और सब किरायेदारों के आई फोन क्रेज़ में बहने के कारण उनसे मकान का बिजली का बिल नहीं देते बन रहा है| रेड्डी जी का कहना है की वैसे तो कभी वो मकान का एडवांस वापिस ही नहीं करते थे पर आई फोन के चक्कर में लोगों ने उनके मकान से सामान बेच डालने कि धमकी दे दी और लोगों के वीभत्स रूप देखते हुए उन्हें अपनी अंटी से पैसे ढीले करने पड़े| ज्ञातव्य है कि कुछ लोगों ने उनके मकान का गेट बेच डाला है और सलिए सरिये कि बढ़ी हुई कीमतों को देखते हुए लगता है कि उनको अच्छा दाम प्राप्त हुआ होगा क्यूंकि पुल्ला रेड्डी जी ने दो हाथी एक साथ निकल जाने वाला गेट बनवाया हुआ था, जो कि उन्होंने अपना इंजिनीयरिंग कॉलेज बन्द होने पर मकान में अडजस्ट कर लिया था|
ये पूछने पर की वो इस नये फ़ोन का किस तरह उपयोग करेंगे तो लोगों ने कहा की इस फ़ोन का उपयोग गाने सुनने में काफ़ी अच्छी तरह किया जा सकता है| बाकी फीचर्स का पता केवल फ़ोन खरीदने पे ही होगा| दिल्ली मेट्रो में अमीर दिखने वाले लोगों कि बातों में कान डालते हुए हमारे संवाददाता को ज्ञात हुआ है कि इसमें सिरी नामक यन्त्र फिट किया गया है जिसके बारे में फोन बेचने वालों को भी काफी जानकारी नहीं थी, सिरी आई फोन चलाने में लोगों कि मदद करेगा| सिरी का लिंग जांच अभी तक हो नहीं पाया है, पर तेज़ी से बढती हुई महिला शक्ति को देखते हुए ये अंदेशा है कि सिरी एक महिला का व्यक्तित्व लिए होगी| हालाँकि पालिका बाज़ार में सिरी जैसे यन्त्र प्रयोग करने वाले काफी सारे मोबाइल एक बटा दस दाम पे उपलब्ध हैं, फेकिंग न्यूज़ के पास ये फोन बहुतायत में मौजूद हैं और हम पिछले चार साल से इनका ही प्रयोग कर रहे हैं|
एक आई फोन के शो रूम पहुंचे हमारे संवाददाता को शो रूम में घुसने नहीं दिया गया और जब उसने बाहर खड़े होके लोगों कि भीड़ कि फोटू लेना चाही तो उसके पालिका बाज़ार मेड फोन को देख कर लोगों ने काफी नाक भौं सिकोड़ी और हिकारत कि दृष्टि से हमारे पत्रकार को दुत्कार दिया गया| जाते जाते हमारे पत्रकार कि तीखी निगाह ने ये भेद ले लिया कि शो रूम के अन्दर अधिकतर लोग अन्दर जाके जेबों में हाथ डाले घूम रहे थे और चोर निगाहों से लोम्बार्ड के काउंटर पे जाके फार्म भर रहे थे, पहले दिन कि सेल रिपोर्ट्स दर्शाती हैं कि ५ आई फोन बिके और ५० लोगों ने लोम्बार्ड कि बोम्बार्ड स्कीम का फार्म भरा है |